ईरान ने तोड़ा इजराइल का रक्षा कवच: डिमोना न्यूक्लियर साइट के पास गिराई मिसाइलें, 100 से ज्यादा घायल

डिमोना न्यूक्लियर साइट के पास गिराई मिसाइलें

नई दिल्ली। ईरान ने इजराइल पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला किया, जिसमें दक्षिणी शहरों डिमोना और अराद को मुख्य निशाना बनाया गया। डिमोना में इजराइल का प्रमुख परमाणु रिसर्च सेंटर (शिमोन पेरेस नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर) स्थित है, जिसे ईरान ने अपना मुख्य लक्ष्य बताया है। यह हमला ईरान के नतांज परमाणु ठिकाने पर अमेरिका-इज़राइल के हमले के जवाब में किया गया, जो पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चौथे हफ्ते में एक खतरनाक बढ़ोतरी है।

ईरानी मीडिया ने इसे प्रतिशोध करार दिया है, जबकि इजराइल की एयर डिफेंस सिस्टम कम से कम दो बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में नाकाम रही।हमलों से 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। डिमोना में कम से कम 33-40 लोग घायल हुए, जबकि अराद में 60-84 लोग प्रभावित हुए, जिनमें से 10-11 की हालत गंभीर बताई गई है। अराद में एक मिसाइल सामुदायिक भवन या आवासीय इलाके पर गिरी, जिससे कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और मलबे में फंसे लोगों को बचाया जा रहा है।

इजराल ने भी हमले की दी धमकी

इजराइली एम्बुलेंस सेवा मैगन डेविड एडॉम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन किसी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय समुदाय में भय का माहौल है, खासकर डिमोना में जहां भारतीय-यहूदी आबादी भी रहती है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले को “भविष्य की लड़ाई में बेहद कठिन शाम” बताते हुए कहा कि वे राहत और बचाव कार्यों को मजबूत कर रहे हैं और सभी मोर्चों पर दुश्मनों पर हमला जारी रखेंगे।

इजरायल की एयर डिफेंस की कमजोरी उजागर

इजराइल ने जवाबी कार्रवाई की कड़ी प्रतिबद्धता जताई है। इस हमले से इजराइल की एयर डिफेंस की कमजोरी उजागर हुई है, क्योंकि भारी वॉरहेड वाली मिसाइलें सीधे घरों और इमारतों पर गिरीं।यह घटनाक्रम अमेरिका-इजराइल बनाम ईरान युद्ध को और उग्र बना सकता है, जहां पहले से ही होर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव चरम पर है।

विशेषज्ञों का कहना है कि परमाणु ठिकानों को निशाना बनाना संघर्ष को नई ऊंचाई दे सकता है, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा पर गहरा असर पड़ सकता है। दोनों पक्षों से आगे की प्रतिक्रियाओं पर दुनिया की नजर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *