नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले बड़ा ड्रामा सामने आया है। दरअसल, एक क्षेत्रीय पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा महासचिव विनोद तावड़े का घेराव किया और उन पर पालघर में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नकदी बांटने का आरोप लगाया। हालांकि तावड़े ने आरोपों से इनकार किया है। चुनाव आयोग ने नोट के बदले वोट के आरोप में वरिष्ठ भाजपा नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
वायरल हुए एक वीडियो में पालघर के विवांता होटल में तावड़े और नालासोपारा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजन नाइक के बीच बैठक के दौरान बहुजन विकास अघाड़ी (बीवीए) के कार्यकर्ताओं को घुसते हुए दिखाया गया है। बीवीए कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तावड़े को 5 करोड़ रुपये नकद के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया था।
कमरे में 9 लाख रुपये मिले
बीजेपी सूत्रों ने दावा किया है कि कमरे में 9 लाख रुपये मिले थे, जिसे चुनाव के दिन पार्टी कार्यकर्ताओं के भोजन पर खर्च किया जाना था। सूत्रों ने कहा कि इसे उम्मीदवार के चुनाव खर्च की सूची में भी दर्शाया जाएगा। वीडियो में बीवीए के कार्यकर्ताओं को एक बैग से नकदी के बंडल निकालते हुए दिखाया गया है, जबकि तावड़े बताते हैं कि यह उनका नहीं है।
रसोई में छिपे हुए थे तावड़े
बीवीए नेता प्रशांत राउत ने आरोप लगाया कि जब पार्टी कार्यकर्ता होटल में दाखिल हुए तो तावड़े रसोई में छुपे हुए थे। पार्टी ने यह भी दावा किया कि होटल ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग बंद कर दी है। वसई विधायक हितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व वाली बीवीए की पालघर जिले में मजबूत उपस्थिति है। विधानसभा में उसके तीन विधायक हैं। हितेंद्र ठाकुर जहां वसई से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं उनके बेटे क्षितिज को नालासोपारा से मैदान में उतारा गया है।
हितेंद्र ठाकुर ने बैग से दो डायरियां बरामद करने का भी आरोप लगाया है। बीवीए नेता ने एक स्थानीय मराठी चैनल को बताया कि तावड़े ने माफी मांगी और होटल से बाहर निकलने के लिए उनसे मदद का अनुरोध किया।