नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कहा कि राजधानी के कम से कम 16 स्कूलों को शुक्रवार तड़के एक ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। इसके बाद कई एजेंसियों ने परिसर की तलाशी शुरू कर दी। विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने धमकियों को अफवाह बताया। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
इन स्कूलों में ईस्ट ऑफ कैलाश में दिल्ली पब्लिक स्कूल, मयूर विहार में सलवान पब्लिक स्कूल, पश्चिम विहार में भटनागर इंटरनेशनल स्कूल और श्रीनिवास पुरी में कैम्ब्रिज स्कूल शामिल हैं। ईमेल में स्कूलों से अपनी मांगों के लिए ‘वापस जवाब’ देने के लिए कहा गया।
धमकी सुबह 4.30 बजे एक ई-मेल के जरिए मिली
बम की धमकी सुबह 4.30 बजे एक ई-मेल के जरिए मिली, जिसके बाद अग्निशमन विभाग, पुलिस और बम का पता लगाने वाली टीमें, डॉग स्क्वॉड के साथ स्कूलों में पहुंची और अपनी जांच शुरू की। धमकी भरे ईमेल के बाद स्कूलों के अधिकारियों ने अभिभावकों को अपने बच्चों को कक्षाओं में न भेजने के लिए संदेश भेजा।
केजरीवाल ने धमकी वाले ईमेल को बेहद गंभीर बताया
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में बम की धमकी वाले ईमेल को बेहद गंभीर और चिंताजनक करार देते हुए कहा कि यह “बच्चों पर बुरा प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने कहा, “इस सप्ताह यह दूसरी बार है कि दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है। अगर यह जारी रहा, तो इसका बच्चों पर कितना बुरा प्रभाव पड़ेगा? उनकी पढ़ाई का क्या होगा?”
इसी हफ्ते 40 स्कूलों को मिली थी धमकी
इस सप्ताह की शुरुआत में, आरके पुरम में दिल्ली पब्लिक स्कूल और पश्चिम विहार में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल सहित दिल्ली के 40 से अधिक स्कूलों को भी ई-मेल के माध्यम से बम की झूठी धमकी मिली थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11.30 बजे भेजे गए ई-मेल में कहा गया कि स्कूल परिसरों में बम लगाए गए हैं और विस्फोटों को रोकने के लिए 30,000 डॉलर की राशि की भी मांग की गई है।
