तकनीकी खराबी के कारण राजस्थान में मिग-29 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सुरक्षित

नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना (IAF) का एक मिग-29 लड़ाकू विमान सोमवार को तकनीकी खराबी आने के बाद राजस्थान के बाड़मेर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मिग-29 जेट का पायलट दुर्घटना से पहले सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा।

लड़ाकू विमान बाड़मेर सेक्टर में वायु सेना बेस से एक प्रशिक्षण मिशन पर था। विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद बाड़मेर में उत्तरलाई के पास एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त होने के तुरंत उसमें आग लग गई। हालांकि वहां कोई आबादी नहीं थी।

जान-माल के नुकसान की खबर नहीं

वायुसेना ने एक्स पर पोस्ट किया, “बाड़मेर सेक्टर में एक नियमित रात्रि प्रशिक्षण मिशन के दौरान भारतीय वायुसेना के मिग-29 में एक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण पायलट को बाहर निकलना पड़ा। पायलट सुरक्षित है और जान-माल के किसी नुकसान की खबर नहीं है।”

जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश

वायु सेना ने कहा कि दुर्घटना के कारण की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया गया है। बाड़मेर जिला कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा और अन्य जिला प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *