रायबरेली से होगी प्रियंका गांधी की एंट्री! राज्यसभा नामांकन के लिए जयपुर पहुंचीं सोनिया गांधी

प्रियंका गांधी

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी राजस्थान से पार्टी की उम्मीदवार होंगी और आज वह नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। गौरतलब है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ जयपुर पहुंच चुकी हैं। यानी अब सोनिया गांधी लोकसभा नहीं बल्कि राज्यसभा के रास्ते संसद पहुंचेंगी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी की एंट्री होगी?

गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर पहुंचे विधायक

सोनिया गांधी के नामांकन सेट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर सभी विधायकों ने हस्ताक्षर किए। कांग्रेस विधायक, गीता बरवड़, सी एल प्रेमी, घनश्याम मेहर, डूंगराराम गेदर, रीटा चौधरी, भीमराज भाटी, शिमला नायक ने नामांकन सेट पर हस्ताक्षर किए।

बता दें कि वर्ष 1999 से लगातार कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी लोकसभा सदस्य रही हैं। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। अमेठी से भी सोनिया गांधी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। ऐसा पहली बार होगा कि वह संसद के उच्च सदन में जाएंगी। 2019 में सोनिया गांधी ने घोषणा की थी कि उनका यह आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। बता दें कि कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस राज्यसभा की सीट जीतने की स्थिति में है।

27 फरवरी को होगा मतदान

8 फरवरी से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत हो चुकी है। 16 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 20 फरवरी तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। अगर आवश्यक हुआ तो मतदान 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना भी उसी दिन शाम 5 बजे से होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *