नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। बीजेपी नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलकाता रैली में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पिछली बार हाथ-पैर टूटा था, इस बार कुछ और टूट सकता है और ममता को ICU में भर्ती होकर भी भाषण देना पड़ सकता है। इस बयान को लेकर टीएमसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
टीएमसी ने मिथुन के इस बयान को महिलाओं के खिलाफ घृणित, अपमानजनक और धमकी भरा करार दिया। पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बीजेपी से सवाल किया कि क्या यही महिलाओं के प्रति उनका सम्मान है। टीएमसी का आरोप है कि बीजेपी नेता सत्ताधारी महिला मुख्यमंत्री को सार्वजनिक मंच से खुलेआम धमकी दे रहे हैं, जो गैर-जिम्मेदाराना और घृणास्पद है।
नारी शक्ति का नारा महज दिखावा: TMC
टीएमसी नेताओं ने कहा कि बीजेपी का ‘नारी शक्ति’ का नारा महज चुनावी दिखावा है। वे महिलाओं का सम्मान सिर्फ वोट के लिए करते हैं, जबकि व्यवहार में उनकी भाषा जहरीली और मिसोजिनिस्ट है। पार्टी ने इसे बीजेपी की प्रवासी नेताओं की संस्कृति से जोड़ा और राज्य की जनता पर डराने-धमकाने की कोशिश बताया।
टीएमसी ने चेतावनी दी कि बंगाल की जनता ऐसी नफरत भरी विचारधारा और धमकियों को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। यह विवाद चुनावी माहौल में BJP और TMC के बीच जुबानी जंग को और तेज कर सकता है, जहां दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर महिलाओं के सम्मान को लेकर हमलावर हैं।
