नई दिल्ली। अभिनेता से राजनेता बने जोसेफ विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) ने 2026 के विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की दशकों पुरानी द्रविड़ राजनीति के द्विध्रुवीय ढांचे को तोड़ दिया है।
ताजा घटनाक्रम में, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने का औपचारिक आमंत्रण दे दिया है। बहुमत के आंकड़ों को लेकर जारी सस्पेंस के बाद, कांग्रेस और वामपंथी दलों (CPI और CPI-M) के समर्थन के साथ विजय ने जरूरी संख्या बल का दावा पेश किया, जिसे राजभवन ने स्वीकार कर लिया है।
कांग्रेस और वामपंथी दल के समर्थन से बनाएंगे सरकार
विजय के मुख्यमंत्री बनने की राह तब साफ हुई, जब उनकी पार्टी 108 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी। हालांकि बहुमत के जादुई आंकड़े (118) से वे कुछ कदम दूर थे, लेकिन गठबंधन की राजनीति ने उन्हें सत्ता के करीब पहुंचा दिया। कांग्रेस के पांच विधायकों और वामपंथी दलों के समर्थन ने टीवीके गठबंधन को बहुमत के मुहाने पर खड़ा कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा सकता है, जिसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
पहली बार बिना DMK या AIADMK के होगी सरकार
इस राजनीतिक बदलाव को तमिलनाडु में एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां पहली बार DMK या AIADMK के अलावा किसी तीसरे दल का मुख्यमंत्री शासन संभालेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विजय को इस प्रभावशाली जीत पर बधाई दी है। सरकार गठन के साथ ही विजय के सामने युवा रोजगार, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और राज्य के विकास के वादों को पूरा करने की बड़ी चुनौती होगी, जिस पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं।
