विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का वृंदावन दौरा, टेस्ट रिटायरमेंट के बाद प्रेमानंद महाराज से की मुलाकात

नई दिल्ली। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के ठीक एक दिन बाद विराट कोहली ने अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ आध्यात्म की ओर एक और अहम कदम बढ़ाया। दोनों वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने श्री प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से आशीर्वाद लिया।

बताया जा रहा है कि विराट और अनुष्का का श्री प्रेमानंद महाराज जी से पुराना आध्यात्मिक संबंध है। इस बार की मुलाकात में जो बात चर्चा में रही, वो थी अनुष्का का एक सवाल। अनुष्का ने पूछा — ‘क्या नाम जप से हो जाएगा?’ महाराज जी ने उत्तर दिया — ‘पूरा हो जाएगा… यह मेरे जीवन का अनुभव है।’ “महाराज जी ने आगे कहा- ईश्वर की कृपा प्रसिद्धि में नहीं, बल्कि सोच के परिवर्तन में है। श्रीकृष्ण ने गीता में कहा— मेरा भक्त कभी नष्ट नहीं होता।

प्रेमानंद महाराज के आश्रम में कई बार पहुंच चुके हैं दंपती

यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का इस आश्रम में पहुंचे हों। जनवरी में भी उन्होंने यही शरण ली थी, जहां महाराज जी ने अनुष्का की प्रशंसा करते हुए कहा था कि उन्होंने विराट को जमीन से जोड़े रखा है। वह कई बार प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहुंच चुके हैं।

कई सितारों ने विराट के करियर को सलाम किया

36 साल के विराट ने 123 टेस्ट मैचों में 9230 रन बनाए, 30 शतक और 31 अर्धशतक जड़े। और अब जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा, तो देशभर से श्रद्धांजलियों का सैलाब उमड़ पड़ा। बॉलीवुड और क्रिकेट जगत से उन्हें भरपूर प्यार मिला। रणवीर सिंह, विक्की कौशल, अंगद बेदी और सुनील शेट्टी जैसे सितारों ने विराट को सलाम किया। मैदान से मंदिर तक की ये यात्रा दिखाती है कि विराट अब सिर्फ खेल के नहीं, आत्मा की जीत के सफर पर निकल पड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *