नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को वानखेड़े स्टेडियम में 12 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में विराट कोहली ने अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया और 27 गेंदों में अर्धशतक जड़कर 2018 के बाद अपनी सबसे तेज आईपीएल फिफ्टी बनाई। कोहली ने 42 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने स्पिन और तेज गेंदबाजों दोनों को बखूबी संभाला।
विराट की इस पारी ने आरसीबी को 221/5 का मजबूत स्कोर खड़ा करने में मदद की। कप्तान रजत पाटीदार ने भी 32 गेंदों में 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि जितेश शर्मा 19 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पंड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी
मैच की शुरुआत में एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि, कोहली और देवदत्त पडिक्कल (22 गेंदों में 37 रन) ने पावरप्ले में 72/1 का स्कोर बनाकर आरसीबी को मजबूत शुरुआत दी। कोहली ने जसप्रीत बुमराह के पहले ओवर में छक्का जड़कर उनका स्वागत किया, जो लंबे समय बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर विग्नेश पुथुर के खिलाफ स्लॉग स्वीप से छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस पारी के दौरान कोहली टी20 क्रिकेट में 13,000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बने।
बुमराह को छोड़ कोई भी गेंदबाज किफायती नहीं रहे
मुंबई इंडियंस की ओर से जवाबी पारी में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में तेजी दिखाई, लेकिन क्रुणाल पांड्या की शानदार गेंदबाजी ने एमआई को 209/9 पर रोक दिया। क्रुणाल ने चार ओवर में 4/45 के आंकड़े के साथ मैच को आरसीबी की झोली में डाल दिया। बुमराह को छोड़कर एमआई का कोई भी गेंदबाज 10 से कम की इकॉनमी से रन रोकने में नाकाम रहा।
चार मैच में से तीन में आरसीबी को मिली जीत
मैच के बाद कोहली ने अपनी बल्लेबाजी पर बात की और कहा, “मैं शुरू में गेंद को अच्छी तरह से टाइम करता हूं, जिससे मुझे मनचाहे शॉट्स खेलने का भरोसा मिलता है। टी20 क्रिकेट में स्थिति के अनुसार खेल को आगे बढ़ाना जरूरी है, इसलिए मैंने कुछ नए शॉट्स और इनोवेशन पर काम किया।” इस जीत के साथ आरसीबी चार मैचों में तीन जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि एमआई पांच मैचों में चार हार के साथ आठवें स्थान पर खिसक गई।
