लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग खत्म, 10 केंद्रीय मंत्रियों और चार पूर्व मुख्यमंत्रियों की किस्मत EVM में कैद

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग खत्म

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में आज 11 राज्यों की 93 सीटों पर 7 मई को मतदान हुआ। इस चरण में कुल 1331 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। सुबह 7:00 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6:00 बजे संपन्न हुआ। हालांकि, कुछ लोकसभा सीटों पर मतदान शाम 4 बजे ही खत्म हो गया था। वहीं बिहार में कुछ जगह शाम 4 बजे तक ही मतदान का समय निश्चित किया गया था। शाम पांच बजे तक देशभर में 60 फीसदी मतदान हुआ। असम और बंगाल में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई।

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10, गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, मध्‍यप्रदेश की नौ, असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, पश्चिम बंगाल की चार, दमन दीव और दादरा एवं नगर हवेली की दो सीटों पर मतदान हुआ है।

इस कारण से खास रहा तीसरा चरण

तीसरे चरण का रण खासा दिलचस्प है, क्योंकि इसमें 10 केंद्रीय मंत्रियों और चार पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई दिग्‍गजों की साख दांव पर लगी है। गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया समेत सात मंत्रियों की किस्मत का फैसला इसी चरण में ईवीएम में कैद हो गया। दिग्विजय सिंह, शिवराज सिंह चौहान समेत पांच पूर्व मुख्यमंत्री भी इस चरण में चुनाव में मैदान में रहे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव की किस्मत भी इसी चरण में ईवीएम में बंद हो गई।

जिन 93 सीटों पर वोटिंग हुई है उनमें 2019 में 66.89% मतदान दर्ज किया गया था। सबसे ज्यादा 90.66% मतदान असम की धुबरी सीट पर हुआ था। वहीं सबसे कम 54.53% मतदान मध्य प्रदेश की भिंड सीट पर हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *