Air India का बड़ा फैसला, इजरायल के लिए उड़ानें कैंसिल

 

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और सुरक्षा हालात के बीच Air India ने बड़ा कदम उठाते हुए नई दिल्ली-तेल अवीव मार्ग पर अपनी सभी उड़ानें 31 मई तक स्थगित कर दी हैं। एयरलाइन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

40,000 भारतीय प्रभावित

इस फैसले का सीधा असर इजरायल में रह रहे 40,000 से अधिक भारतीयों पर पड़ा है। उड़ानें बंद होने के कारण उन्हें अब जॉर्डन या मिस्र के रास्ते भारत लौटना पड़ रहा है। भारतीय दूतावास तेल अवीव ने नागरिकों की मदद के लिए 24×7 आपातकालीन हेल्पलाइन शुरू की है और रजिस्ट्रेशन अभियान भी चलाया जा रहा है।

भारतीय दूतावास की सक्रियता

भारत के राजदूत जेपी सिंह और उनकी टीम ने हाल ही में भारतीय कामगारों और छात्रों के साथ वर्चुअल बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। दूतावास लगातार प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस भी सतर्क

गौरतलब है कि हाल के समय में अधिकांश अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने भी तेल अवीव के लिए अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं। फिलहाल केवल इजरायल की कुछ एयरलाइंस ही सीमित और सख्त प्रतिबंधों के साथ संचालन कर रही हैं।

संघर्ष का असर

ईरान-इजरायल संघर्ष और अमेरिका-इजरायल द्वारा किए गए हालिया हमलों के बाद हालात बिगड़ते गए हैं। इसके जवाब में ईरान की कार्रवाई से संघर्ष पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल गया है, जिससे ऊर्जा आपूर्ति और क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर असर पड़ा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *