नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 27 वर्षों बाद सत्ता में वापसी करते हुए 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल की है। इस महत्वपूर्ण विजय के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे विकास, सुशासन और जनता के विश्वास की जीत बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, “विकास और सुशासन की जीत हुई है। मैं दिल्ली के अपने प्यारे भाईयों और बहनों को इस प्रचंड जनादेश के लिए नमन करता हूं। हम इन आशीर्वादों को पाकर विनम्र और सम्मानित महसूस कर रहे हैं।”
दिल्ली की जनता को पीएम मोदी ने दिया धन्यवाद
उन्होंने विशेष रूप से दिल्ली के युवाओं, महिलाओं और गरीब तबके के मतदाताओं का धन्यवाद किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत भाजपा की नीतियों और योजनाओं में जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगी।
नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिले: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार जनता की सेवा के लिए समर्पित है। दिल्ली के हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिलें, यह हमारी प्राथमिकता रहेगी।” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बधाई देते हुए कहा कि यह जीत उनकी मेहनत और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।
चुनावी वादों के पूरा करने पर होगी नजर
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली में भाजपा की यह जीत महत्वपूर्ण है। अब सभी की निगाहें भाजपा सरकार पर होंगी कि वह अपने चुनावी वादों को किस तरह पूरा करती है और दिल्ली के विकास को नई दिशा देती है। पीएम मोदी ने आप सरकार के भ्रष्टाचार की जांच कराने और विधानसभा के पहले सत्र में कैग रिपोर्ट रखने की भी बात कही।