नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान के उस दावे को कड़े शब्दों में खारिज कर दिया है जिसमें उसने भारत पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। यह बयान पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में ट्रेन हाईजैक और हमले की घटना के बाद आया है, जिसमें 21 लोग मारे गए थे।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि पूरा विश्व जानता है कि वैश्विक आतंकवाद का असली केंद्र कहां है। भारत ने पाकिस्तान से अपने आंतरिक मामलों पर आत्मविश्लेषण करने और आतंकवाद के लिए दूसरों को दोषी ठहराने की नीति छोड़ने की सलाह दी।
आतंकवाद को विदेशी समर्थन मिल रहा है: पाकिस्तान
पाकिस्तान ने हाल ही में बलूचिस्तान में हुई ट्रेन हाईजैकिंग को लेकर कहा था कि आतंकवाद को विदेशी समर्थन मिल रहा है। हालांकि, उसने भारत का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से इशारा किया। इस पर भारत ने जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान को खुद यह स्वीकार करना चाहिए कि वह दशकों से आतंकवाद को पनाह देता आ रहा है और दुनिया के कई देशों ने उसे आतंकवाद का केंद्र बताया है।
बीएलए कर रही पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी की मांग
बलूचिस्तान में हुए इस हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली थी, जो पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी की मांग कर रही है। यह संगठन पाकिस्तान सरकार पर दमनकारी नीतियों और मानवाधिकार उल्लंघनों का आरोप लगाता रहा है।
भारत ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भारत पर झूठे आरोप लगाने की बजाय, अपने देश में शांति और स्थिरता कायम करने पर ध्यान देना चाहिए।