नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट की नई सनसनी 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें सिर्फ दो शब्द लिखे- ‘New Chapter’ । इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में शुरू हो रही दो मैचों की टी20 सीरीज में उनका इंटरनेशनल डेब्यू लगभग तय माना जा रहा है।
सूर्यकुमार यादव की अनुपस्थिति में श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभाल रहे हैं। कोच गौतम गंभीर के सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर चुनौती है। वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में जगह दी है। पोस्ट के बाद फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि युवा बल्लेबाज भारत के नए टी20 युग की शुरुआत करने जा रहा है।
आईपीएल में रचा इतिहास
वैभव ने 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू किया और गुजरात टाइटंस के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में शतक जड़कर रिकॉर्ड बनाया। आईपीएल 2026 में उन्होंने 778 रन बनाए और पांच व्यक्तिगत अवॉर्ड अपने नाम किए। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले इस बिहार के लड़के ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से सबका ध्यान खींचा है।
डेब्यू का इंतजार, फैंस में जोश
पोस्ट वायरल होने के बाद क्रिकेट जगत में हलचल है। सभी की निगाहें शुक्रवार के मैच पर टिकी हैं। अगर वैभव को मौका मिला तो वह भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे। फैंस इस ‘नए अध्याय’ का इंतजार कर रहे हैं।
