नई दिल्ली। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और 2024 के चुनाव के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प एक बार फिर गोलीबारी में बच गए। यूएस सीक्रेट सर्विस के अनुसार, रविवार को फ्लोरिडा में उनके गोल्फ क्लब के पास गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें वह सुरक्षित है। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने कहा कि वे इस घटना की जांच हत्या के प्रयास के रूप में कर रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने रविवार दोपहर 2 बजे (भारतीय समयानुसार रात 11.30 बजे) से कुछ देर पहले गोल्फ क्लब के पास एक व्यक्ति को हथियारों के साथ देखकर उस पर गोलियां चला दीं। संदिग्ध घटनास्थल से भाग गया लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी पहचान 58 वर्षीय रयान वेस्ले रॉथ के रूप में की गई। अधिकारी अभी तक उसके मकसद का पता नहीं लगा सके हैं।
हत्या के प्रयास के तहत हो रही जांच
घटना के तुरंत बाद ट्रंप ने अपने समर्थकों को एक ईमेल में कहा कि वह सुरक्षित हैं और उन्होंने कहा कि वह कभी आत्मसमर्पण नहीं करेंगे। एफबीआई ने एक बयान में कहा कि एजेंसी ने वेस्ट पाम बीच, फ्लोरिडा को जवाब दिया है और जांच कर रही है कि यह पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प की हत्या का प्रयास प्रतीत होता है”।
कथित तौर पर ट्रंप क्लब में गोल्फ खेल रहे थे, तब क्लब के बाहर गोलीबारी हुई। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, सीक्रेट सर्विस एजेंट उसे क्लब के एक होल्डिंग रूम में ले गए। अधिकारियों के मुताबिक, बंदूकधारी ट्रंप से करीब 300-500 गज (275-450 मीटर) दूर था।
संदिग्ध एके-47 की तरह दिखनेवाली राइफल से था लैस
अधिकारियों ने एक प्रेस वार्ता में कहा, “संदिग्ध एक स्कोप वाली एके-47-शैली राइफल से लैस था। उसके पास एक गोप्रो भी था। बंदूकधारी ट्रम्प से लगभग 300-500 गज की दूरी पर था। सीक्रेट सर्विस ने संदिग्ध पर हमला किया और कम से कम चार गोलियां चलाईं। यह स्पष्ट नहीं है कि क्या संदिग्ध ने भी कोई गोली चलाई।”
