पीएम मोदी ने मॉरीशस दौरे पर भोजपुरी में भारतीय समुदाय को किया संबोधित, मखाना की भी चर्चा की

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में मॉरीशस की दो दिवसीय यात्रा के दौरान भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भोजपुरी भाषा में अपने भाषण की शुरुआत की, जिससे वहां उपस्थित लोगों के बीच उत्साह और गर्व का माहौल बना। उन्होंने कहा, “नमस्ते… आप लोग ठीक हव जा ना? आज हमके मॉरीशस के धरती पर आप लोगन के बीच आके बहुत खुसी होत बातै। हम आप सब के प्रणाम करत हई।”

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर की चर्चा की। उन्होंने कहा, “पूर्वांचल (वाराणसी) के सांसद के नाते हम जननी कि बिहार के सामर्थ्य केतना बा। एक समय रहे, जब बिहार दुनिया के समृद्धि के केन्द्र रहल। अब हम मिलके फिर से बिहार के गौरव वापस लाबे के काम करत हईं जा।”

दुनिया भर में स्नैक्स मेन्यू का हिस्सा होगा मखाना: पीएम मोदी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने बिहार के मखाना का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार का मखाना आज भारत में बहुत चर्चा में है और वह दिन दूर नहीं जब यह दुनिया भर में स्नैक्स मेन्यू का हिस्सा होगा। प्रधानमंत्री ने यह भी साझा किया कि उन्हें स्वयं मखाना बहुत पसंद है। प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखुल और उनकी पत्नी वृंदा गोखुल से मुलाकात के दौरान उन्हें भारतीय संस्कृति से जुड़ी कई वस्तुएं भेंट कीं, जिनमें बिहार का मखाना, बनारसी सिल्क साड़ी और महाकुंभ से संगम का जल शामिल हैं।

प्रधानमंत्री की इस यात्रा ने भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत किया है। भोजपुरी भाषा में उनके संबोधन ने प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ भावनात्मक संबंध को और गहरा किया, जिससे दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *