‘BJP सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए करती है राजनीति’, दादरी में बोले राजनाथ सिंह

पवन चोपड़ा, चंडीगढ़। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को हरियाणा के दादरी और कालका में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा द्वारा हरियाणा के हित में किए गए विकास कार्यों एवं केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा के किसानों एवं जवानों द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था और सुरक्षा में योगदान हेतु सराहना की।

राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की पूर्व सरकारों द्वारा हरियाणा को विकास से वंचित रखने एवं राज्य में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए आलोचना की। कार्यक्रम के दौरान मंच पर भिवानी- महेंद्रगढ़ सांसद धर्मवीर सिंह, जिलाध्यक्ष किरण कलका, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा चरखी दादरी से प्रत्याशी सुनील सांगवान , कालका से उम्मीदवार शक्ति रानी शर्मा सहित पार्टी के अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

इसी कार्यकाल में एक देश एक चुनाव का बिल होगा पेशः राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 4 महीने पहले देश में लोकसभा का चुनाव सम्पन्न हुआ और अब हरियाणा में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। अगर लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ हो जाते, तो न पैसे की बर्बादी होती और न ही लोगों को अलग से परिश्रम करना पड़ता। इस स्थिति को देखते हुए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने निर्णय किया है कि इसी कार्यकाल में संसद में एक देश एक चुनाव का बिल लाया जाएगा और एक साथ लोकसभा और विधानसभा के चुनाव करवाए जाएंगे। इन चुनावों के 100 दिनों के भीतर ही नगर निगम, नगर पालिका और पंचायतों के चुनाव भी करवाए जाएंगे। देश के लोगों ने मोदी सरकार के इस फैसले को पसंद किया है।

कांग्रेस में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर मची हुई धमाचौकड़ी: राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में कृषि मंत्री रहते हुए उन्होंने 18 फीसदी के ब्याज को घटाकर 8 फीसदी करवाया था और किसान आयोग की सिफारिश की थी कि किसानों के कर्ज पर 4 फीसदी से अधिक ब्याज न लिया जाए। सिंह ने कहा कि जब वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे तो उन्होंने किसानों को बिना ब्याज कर्ज उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा ने अपने राज्यों में लागू किया था। भारतीय जनता पार्टी देश के अन्नदाताओं की अहमियत को समझती है।

उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में वन रैंक, वन पेंशन का वादा किया था और हरियाणा की धरती पर ही इसकी घोषणा की। भाजपा ने देश के जवान और किसान दोनों की चिंता की है। इस समय हरियाणा में कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने की होड़ लगी हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा कर दी है, मगर कांग्रेस में इसे लेकर धमाचौकड़ी मची हुई है। कांग्रेस की एक दिग्गज महिला नेता नाराज चल रहीं थी, मगर आज कह रही हैं कि सब ठीक है, यह बात उनकी जबान बोल रही है, मगर उनका दिल नहीं मान रहा। भाजपा सरकार ने हरियाणा का नॉन-स्टॉप विकास किया है। कांग्रेस की सरकार में बिना खर्ची-पर्ची नौकरी नहीं मिलती थी, मगर भाजपा सरकार में ऐसा कुछ नहीं होता है। हरियाणा के लोगों को कमल के निशान का बटन दबाना है और हरियाणा को आगे ले जाना है।

भाजपा राष्ट्र निर्माण के लिए करती है राजनीति: राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा कि हरियाणा की धरती केवल किसानों की नहीं, बल्कि सीमा पर रक्षा करने वाले जवानों की भी धरती है। हरियाणा के हर गाँव से कोई न कोई युवा भारतीय सेना में अपनी सेवाएँ दे रहा है। इन जवानों के जज्बे और दमखम का ही परिणाम है कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत की ओर आँख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं रखती। हरियाणा के लोग देश और समाज के हित के लिए संघर्ष करना जानते हैं। भगवान श्री कृष्ण ने भी गीता का ज्ञान हरियाणा की धरती कुरुक्षेत्र पर दिया था। 2024 का हरियाणा विधानसभा चुनाव इस मुद्दे पर लड़ा जा रहा है कि किस पार्टी की सरकार राज्य में तेजी से विकास करा सकती है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा को ऐसी राजनीतिक पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री की जरूरत है जिस पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप न हो। भारतीय जनता पार्टी में अगर कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, तो सरकार गिरने की परवाह किए बिना उस पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। यह भारतीय जनता पार्टी का चरित्र है, क्योंकि भाजपा का मानना है कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए की जानी चाहिए।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी केवल हवा-हवाई वादे करती है : राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता हरियाणा की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा के इतिहास में कभी इतना निवेश नहीं हुआ, जितना भाजपा सरकार के कार्यकाल के 10 वर्षों में हुआ है। हरियाणा में 10 वर्ष पहले पानी के लिए महिलाओं को भटकना पड़ता था, क्योंकि हर घर में नल की व्यवस्था नहीं थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर नल से जल पहुंचाने का संकल्प लिया और हरियाणा सहित समूचे देश में नल से जल मुहैया करवाया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सरकारों में अंतर बिल्कुल स्पष्ट है। बगल के राज्य हिमाचल प्रदेश के हालात ऐसे हैं कि वहां की कांग्रेस सरकार अपने कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दे पा रही है, और मुख्यमंत्री और मंत्री अपने वेतन को न लेने का ढोंग कर रहे हैं। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 2 हजार रुपए देने का वादा किया था, मगर आज तक इसे पूरा नहीं किया। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। हरियाणा के जैसे बहादुरों के राज्य में आम आदमी पार्टी की कोई हैसियत नहीं है। यह लोग तरह-तरह के वादे करते हैं, मगर वह सभी हवा-हवाई वादे होते हैं।

मैंने जनता से आंखें मिलाकर राजनीति की है: राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार 24 फसलों पर एमएसपी दे रही है और ऐसा देश के किसी और राज्य में नहीं होता है। भाजपा सरकार ने हरियाणा में भावांतर योजना को प्रभावी रूप से लागू किया है। मैंने जनता की आँखों में धूल झोंककर नहीं, बल्कि आंखे मिलाकर राजनीति की है। विदेशों में जो यूरिया खाद 3 हजार रुपए प्रति बोरी मिलती है, मोदी सरकार उसे मात्र 300 रुपए प्रति बोरी के आधार पर मुहैर करवा रही है। आजाद भारत में पहली बार ऐसा हुआ है कि देश के किसानों को सलाना 6 हजार रुपए सीधा उनके खातों में भेजे गए हैं। अब तक देश के किसानों को सवा तीन लाख करोड़ की राशि सीधा उनके खाते में भेजी जा चुकी है। कुछ नेता देश के किसानों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *