किरण खेर का चंडीगढ़ से कटा टिकट, शत्रुघ्न सिन्हा के सामने होंगे पूर्व केंद्रीय मंत्री; जानें BJP की नई लिस्ट में किसे मिला मौका

Kirron Kher

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकसभा चुनाव के लिए एक और लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में नौ उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की सात और पश्चिम बंगाल की आसनसोल और चंडीगढ़ सीट शामिल है। बीजेपी ने चंडीगढ़ से वर्तमान सांसद किरण खेर का टिकट काट दिया है। उनकी जगह संजय टंडन को अपना प्रत्याशी बनाया है। संजय टंडन चंडीगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और फिलहाल हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी भी हैं।

नई लिस्ट में इसके अलावा आसनसोल सीट से टीएमसी नेता शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ एसएस अहलुवालिया को उतारा गया है। वह 2018-19 में बीजेपी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। इनकी उम्र 72 साल है। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को यूपी की बलिया सीट से टिकट दिया है। इसके अलावा यूपी की गाजीपुर से मुख्तार अंसारी के भाई और सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी के सामने पारसनाथ राय को उतारा है।

रीता बहुगुणा जोशी का कटा टिकट

वहीं यूपी की फूलपुर सीट से प्रवीण पटेल, इलाहाबाद सीट से वर्तमान सांसद रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काटकर नीरज त्रिपाठी को दिया है। यूपी की मछलीशहर से बीपी सरोज को टिकट दिया गया है। वहीं कौशाम्बी से विनोद सोनकर को चुनावी मैदान में उतारा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने मैनपुरी सीट पर समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव के सामने जयवीर ठाकुर को टिकट दिया है। वह इस समय यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *