नई दिल्ली। पूर्व भारतीय पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने उत्तर प्रदेश की कैसरगंज सीट से पूर्व कुश्ती निकाय प्रमुख बृजभूषण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह को उम्मीदवार बनाने के भाजपा के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। बता दें, बृजभूषण सिंह यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी हैं।
साक्षी मलिक ने एक्स पर लिखा, “देश की बेटियां हार गईं। बृजभूषण जीत गए। हम सभी ने अपना करियर दांव पर लगाया और कई दिनों तक धूप और बारिश में सड़कों पर सोए। आज तक बृजभूषण को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हम कुछ भी मांग नहीं रहे थे, हम केवल न्याय की मांग कर रहे हैं।”
उन्होंने लिखा- गिरफ्तारी छोड़ो, आज उसके बेटे को टिकट देके आपने देश की करोड़ों बेटियों का हौसला तोड़ दिया है। टिकट जाएगी तो एक ही परिवार में, क्या देश की सरकार एक आदमी के सामने इतनी कमजोर होती है? प्रभु श्री राम के नाम पर सिर्फ वोट चाहिए, उनके दिखाए मार्ग का क्या?
बृजभूषण ने आरोपों से किया था इनकार
छह बार के सांसद बृजभूषण शरण सिंह को पिछले साल बड़े पैमाने पर राजनीतिक तूफान का सामना करना पड़ा था। यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया सहित कई प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। बृजभूषण पर उनके कार्यकाल के दौरान अनुचित व्यवहार करने क आरोप लगा था। हालांकि उन्होंने इस मामले में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है।
बृजभूषण सिंह ने कोर्ट को बताया
उन्होंने अदालत को बताया था कि जब शिकायतकर्ता पहलवानों में से एक का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया था, तब वह दिल्ली में नहीं थे। बृजभूषण सिंह का कैसरगंज निर्वाचन क्षेत्र में गहरा प्रभाव है और उन्होंने उत्तर प्रदेश में गोंडा और बलरामपुर निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया है।
बृजभूषण सिंह का राजनीतिक प्रभाव बहुत बड़ा
भाजपा को पता है कि बृजभूषण सिंह का राजनीतिक प्रभाव बहुत बड़ा है। इसलिए उनके बदले उनके बेटे को चुना गया है। उनके बड़े बेटे प्रतीक भूषण सिंह फिलहाल विधायक हैं। करण वर्तमान में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के प्रमुख हैं। इस बीच, भाजपा द्वारा उनके बेटे को निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित करने के बाद सांसद के घर पर जश्न मनाया गया। करण भूषण सिंह ने कहा, “मैं पार्टी नेतृत्व और जनता का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे यहां लोगों की सेवा करने की इजाजत दी।”