झारखंड के लिए BJP ने जारी की पहली सूची; चंपई सोरेन, बाबूलाल मरांडी, सीता सोरेन के सीटों की घोषणा

नई दिल्ली। भाजपा ने शनिवार को आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के बागी नेता चंपई सोरेन और सीता सोरेन सभी नामित 66 उम्मीदवारों में से प्रमुख हैं।

सूची के अनुसार, बाबूलाल मरांडी धनवार सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि चंपई सोरेन सरायकेला का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। जामताड़ा से सीता सोरेन को उम्मीदवार बनाया गया है। सूची में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कोडरमा से नीरा यादव, गांडेय से मुनिया देवी, सिंदरी से तारा देवी और निरसा से अपर्णा सेनगुप्ता शामिल हैं। रागिनी सिंह झरिया से, गीता बलमुचू चाईबासा से और पुष्पा देवी भुइयां छतरपुर से चुनाव लड़ेंगी।

झारखंड में दो चरणों में होगा चुनाव

81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों- 13 और 20 नवंबर को होने वाले हैं। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। शुक्रवार को बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने झारखंड के लिए अपने सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा की। भाजपा जहां 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहीं ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) 10 सीटों पर, जेडीयू दो सीटों पर और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।

झामुमो गठबंधन को मिली थी 47 सीटें

2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में, झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 47 सीटें जीतीं जिसमें झामुमो को 30 और कांग्रेस को 16 सीटें मिली थी। बीजेपी को 25 सीटें मिलीं थी। वर्तमान में, विधानसभा में 74 सदस्य हैं, जिसमें झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास 44 सीटें हैं। झामुमो के दो विधायक नलिन सोरेन और जोबा माझी, अब संसद सदस्य हैं। जामा विधायक सीता सोरेन ने भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दे दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *