केरल में 5 साल तक 64 लोगों ने किया लड़की का यौन शोषण, दलित युवती का दावा; 10 से ज्यादा हिरासत में

नई दिल्ली। एक दलित लड़की ने दावा किया है कि केरल में पिछले पांच वर्षों में 64 लोगों ने उसका यौन शोषण किया। इसको लेकर पुलिस में केस दर्ज किए गए हैं। काउंसलिंग के दौरान लड़की ने आपबीती का खुलासा किया। इसके बाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की शिकायत के बाद पथानामथिट्टा पुलिस ने मामले दर्ज किए थे।

मामला तब सामने आया, जब एक गैर सरकारी संगठन की सदस्य सामक्या अपने नियमित दौरे के क्रम में लड़की के घर पहुंची। लड़की द्वारा पांच साल तक अनुभव की गई भयावहता के बारे में बताने के बाद, एनजीओ ने इसकी सूचना पथानामथिट्टा जिले की बाल कल्याण समिति को दी।

13 साल की उम्र से हुआ यौन शोषण

सीडब्ल्यूसी ने लड़की को परामर्श दिया और उसने एक मनोवैज्ञानिक के सामने खुलकर बात की। काउंसलिंग के दौरान, लड़की ने दावा किया कि उसके साथ दुर्व्यवहार तब शुरू हुआ, जब वह सिर्फ 13 साल की थी और उसके पड़ोसी ने उसके साथ अश्लील सामग्री साझा की थी। वह अब 18 साल की है।

मामले में 10 से ज्यादा लोग हिरासत में

अपने स्कूल में खेलों में एक्टिव रहने वाली लड़की ने ट्रेनिंग सेशन के दौरान यौन शोषण की घटनाओं का भी खुलासा किया। उसने यह भी खुलासा किया कि उसके कुछ वीडियो प्रसारित किए गए थे और जिसके बाद उसका और यौन शोषण किया गया। पुलिस ने बताया कि अब तक 10 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस ने कहा कि लड़की का विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा।

शिकायत दर्ज कराने वाले सीडब्ल्यूसी पथानामथिट्टा जिले के अध्यक्ष एन राजीव ने कहा कि समिति लड़की को आवश्यक देखभाल और सुरक्षा प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *