कर्नाटक में बीजेपी विधायक पर फेंका गया अंडा, पार्टी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप

नई दिल्ली। पूर्व मंत्री और कर्नाटक के बीजेपी विधायक मुनिरत्ना पर बुधवार को बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान अज्ञात लोगों ने अंडा फेंका। मुनिरत्ना राजधानी के पश्चिमी भाग में स्थित लक्ष्मीदेवी नगर इलाके के लग्गेरे में पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग ले रहे थे।

घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विधायक पर अंडे फेंकने का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री पर कथित तौर पर उस समय हमला किया गया, जब वह सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वापस जा रहे थे। यह घटना कैमरे में कैद हो गई और यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है।

घटना का वीडियो कैमरे में कैद

कथित तौर पर, आरआर नगर विधायक वाजपेयी जयंती समारोह में भाग लेने के बाद अपनी कार की ओर जा रहे थे, जब यह घटना घटी। वीडियो में विधायक को अपने सहयोगियों और कुछ पुलिसकर्मियों के साथ चलते देखा जा सकता है, तभी विपरीत दिशा से उनके सिर पर अंडा फेंका गया। नंदिनी लेआउट पुलिस स्टेशन ने घटना की जांच के लिए मामला दर्ज किया।

घटना के बाद विधायक को अस्पताल ले जाया गया

हमले के तुरंत बाद उन्होंने जलन महसूस होने की शिकायत की। पूर्व विधायक को मल्लेश्वरम के पास केसी जनरल अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन पर हमला हुआ था। पुलिस विभाग के सूत्रों के मुताबिक, मुनिरत्न आधी रात तक अस्पताल में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *