‘मैं उन 6 पीड़ितों में शामिल हूं…’, बृजभूषण सिंह पर विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा

बृजभूषण सिंह पर विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा

नई दिल्ली। दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चल रहे विवाद में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। रविवा को एक वीडियो संदेश जारी करते हुए विनेश ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि वह उन छह महिला पहलवानों में से एक हैं, जिन्होंने बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे।

विनेश ने बताया कि मामला अदालत में लंबित होने और पीड़ितों की पहचान गोपनीय रखने के नियमों के कारण वह अब तक चुप थीं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों ने उन्हें सच बोलने पर मजबूर कर दिया है।

विनेश ने कुश्ती महासंघ पर उठाए सवाल

विनेश ने भारतीय कुश्ती महासंघ की कार्यप्रणाली पर भी कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2026 एशियन गेम्स के लिए होने वाले चयन ट्रायल्स जानबूझकर उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित किए जा रहे हैं, जो बृजभूषण सिंह का मजबूत गढ़ माना जाता है।

विनेश के अनुसार, एक निजी कॉलेज में इन ट्रायल्स का आयोजन करना निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने डर जताया कि बृजभूषण भले ही पद पर नहीं हैं, लेकिन संघ पर उनका प्रभाव अब भी कायम है, जिससे खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित और पारदर्शी माहौल में खेलना मुश्किल हो रहा है।

विनेश के खुलासे से खेल जगत में हड़कंप

यह विवाद साल 2023 में तब शुरू हुआ था जब विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे बड़े खिलाड़ियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबा धरना दिया था। करीब 18 महीने के अंतराल के बाद कुश्ती में वापसी की तैयारी कर रही विनेश ने साफ कहा कि मानसिक और भावनात्मक रूप से उनके लिए ऐसे माहौल में मुकाबला करना बेहद कठिन है।

उनके इस खुलासे ने एक बार फिर खेल जगत में हड़कंप मचा दिया है और कुश्ती संघ की पारदर्शिता व खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *