क्या सनी देओल और शाहरुख खान के बीच की कड़वाहट हो गई खत्म? 17 साल बाद करेंगे एक साथ स्क्रीन साझा?

नई दिल्ली। बॉलीवुड के दो दिग्गज अभिनेता सनी देओल और शाहरुख खान, जिन्होंने 1993 की सुपरहिट फिल्म ‘डर’ में एक साथ काम किया था, अब 30 साल बाद फिर से एक साथ स्क्रीन साझा करने के लिए तैयार हैं। सनी देओल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि वह शाहरुख के साथ दोबारा काम करने के इच्छुक हैं।

यह बयान उस पुरानी कहानी को ताजा करता है, जब ‘डर’ की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच मतभेद हो गए थे, जिसके बाद वे 16 साल तक एक-दूसरे से बात नहीं करते थे। लेकिन अब समय ने सारी कड़वाहट को मिटा दिया है और सनी ने इस संभावित सहयोग के लिए उत्साह दिखाया है।

‘डर’ में खलनायक को किया गया महिमामंडित

‘डर’ एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर थी, जिसमें शाहरुख ने एक जुनूनी प्रेमी राहुल मेहरा का किरदार निभाया था, जबकि सनी देओल ने नायक सुनील मल्होत्रा की भूमिका में थे। फिल्म के क्लाइमेक्स को लेकर सनी को आपत्ति थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि उनके किरदार को कमजोर दिखाया गया और खलनायक को महिमामंडित किया गया। इस असहमति के चलते सनी ने फिल्म के निर्देशक यश चोपड़ा के साथ भी काम न करने की कसम खाई थी। गुस्से में उन्होंने अपनी पैंट तक फाड़ दी थी, जो बाद में एक चर्चित किस्सा बन गया। इसके बाद दोनों सितारों के रास्ते अलग हो गए थे।

गदर 2 की सफलता क बाद दोनों के बीच की बर्फ पिघली

हालांकि, 2023 में सनी की फिल्म ‘गदर 2’ की सफलता के बाद दोनों के बीच की बर्फ पिघल गई। शाहरुख ने सनी को फोन कर उनकी फिल्म की तारीफ की और सफलता की बधाई दी। ‘गदर 2’ की सक्सेस पार्टी में दोनों ने गर्मजोशी से मुलाकात की और तस्वीरें भी खिंचवाईं, जिसने फैंस को उत्साहित कर दिया। सनी ने पिंकविला के साथ हालिया बातचीत में कहा, “मैंने शाहरुख के साथ ‘डर’ में काम किया था और अगर मौका मिला तो फिर से उनके साथ काम करना चाहूंगा।” उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में अब पहले जैसे हालात नहीं हैं, जहां निर्देशक किरदारों को अपने हिसाब से ढालते थे।

सनी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘जाट’ को लेकर चर्चा में हैं, जबकि शाहरुख भी अपनी फिल्मों ‘किंग’ और अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। फैंस अब इन दोनों के एक साथ आने की संभावना से रोमांचित हैं। सनी ने कहा, “अच्छी स्क्रिप्ट मिले तो दो हीरो वाली फिल्म जरूर बन सकती है।” यह देखना रोचक होगा कि क्या यह जोड़ी फिर से बड़े पर्दे पर धमाल मचाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *