सेपांग। मलेशिया की मशहूर मॉडल और 2021 की मिस ग्रैंड मलेशिया विजेता लिशालिनी कनारन ने सेपांग के मारियम्मन मंदिर में एक भारतीय पुजारी पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना 21 जून 2025 को हुई, जब लिशालिनी अपनी आध्यात्मिक यात्रा के लिए मंदिर गई थीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी आपबीती साझा की, जिसने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया।
लिशालिनी ने बताया कि वह हाल ही में अपनी आस्था को गहरा करने के लिए मंदिर जा रही थीं। उस दिन वह अकेली थीं, क्योंकि उनकी मां भारत में थीं। मंदिर में एक पुजारी, जो उनकी रस्मों में मदद करता था, ने उन्हें पवित्र जल और रक्षा सूत्र देने की बात कही।
भारत से लाया खास पवित्र जल मेरे ऊपर छिड़का: लिशालिनी
लिशालिनी ने लिखा, “पुजारी ने मुझे प्रार्थना के बाद अपने निजी ऑफिस में बुलाया। वहां उसने मेरे चेहरे और शरीर पर तीखी गंध वाला पानी छिड़का, जिसे उसने भारत से लाया ‘खास पवित्र जल’ बताया।” इसके बाद, पुजारी ने कथित तौर पर उनके ब्लाउज में हाथ डालकर छेड़छाड़ की और कहा, “अगर तुम मेरे साथ ऐसा करोगी, तो यह भगवान की सेवा में आशीर्वाद होगा।”
मंदिर जैसी जगह पर हुई घटना से आघात पहुंचाया: लिशालिनी
लिशालिनी ने कहा कि वह सदमे में थीं और कुछ देर तक हिल भी नहीं पाईं। मंदिर जैसी पवित्र जगह पर हुई इस घटना ने उन्हें गहरा आघात पहुंचाया। 4 जुलाई को उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज की, लेकिन तब तक पुजारी फरार हो चुका था। सेपांग पुलिस प्रमुख नोरहिज़ाम बहमन ने बताया कि आरोपी एक भारतीय नागरिक है, जो अस्थायी रूप से पुजारी की जगह काम कर रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। लिशालिनी ने दावा किया कि मंदिर प्रबंधन को पहले भी इस पुजारी के खिलाफ ऐसी शिकायत मिली थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना ने मलेशिया में हंगामा मचा दिया है।
