नई दिल्ली। ब्रिटेन के विदेश सचिव डेविड लैमी ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने समृद्ध भारत-ब्रिटेन संबंधों की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने उनके साहसिक आर्थिक सुधारों की सराहना की, जिन्होंने 1991 के बाद भारत की अर्थव्यवस्था को बदल दिया। लैमी ने उन्हें दूरदर्शी नेता करार दिया था।
ब्रिटेन के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने में पूर्व प्रधानमंत्री की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए लैमी ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “डॉ. मनमोहन सिंह के साहसिक आर्थिक सुधारों ने भारत की अर्थव्यवस्था को बदल दिया।” उन्होंने आगे कहा, “उनकी विरासत आधुनिक भारत को आकार दे रही है और उनकी दृष्टि ने आज की संपन्न यूके-भारत साझेदारी की नींव रखी है। उनके परिवार और भारतीय लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया के लिए खोलने का श्रेय
अनुभवी कांग्रेस नेता डॉ. मनमोहन सिंह को 1991 में वित्त मंत्री रहते हुए भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया के लिए खोलने का श्रेय दिया जाता है। वे 2004 और 2014 के बीच प्रधानमंत्री थे। 92 वर्ष की आयु के इस दिग्गज नेता का गुरुवार रात निधन हो गया था। इसके बाद केंद्र ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।
भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त ने की मनमोहन सिंह की तारीफ
इससे पहले, भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने एक्स पर पोस्ट कर मनमोहन सिंह को एक महान प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और वैश्विक राजनेता बताया। उन्होंने लिखा- उन्होंने साहसिक आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारत के हितों को आगे बढ़ाया और भारत को उसके सही स्थान पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विश्व मंच और वित्तीय संकट के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था को स्थिर करना उनकी प्रमुख उपलब्धि है।