नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब रफ्तार पकड़ रहा है। 23 जून से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। दिल्ली में मानसून जुलाई के पहले हफ्ते में दस्तक दे सकता है, जबकि सामान्य तारीख 26-27 जून है। यानी इस बार करीब एक हफ्ते की देरी संभावित है।
स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, 25-26 जून के आसपास बंगाल की खाड़ी में अनुकूल सिस्टम बनने की उम्मीद है, जिसके बाद मानसून दिल्ली पहुंच सकता है। IMD ने बताया कि 23 जून के आसपास मॉनसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ सकता है। पूर्वोत्तर भारत में 25 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री के आसपास रह सकता है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जो मॉनसून आने से पहले गर्मी से राहत देगी। दिल्ली का AQI सुबह 206 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में है।
