नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संभावित यात्रा प्रतिबंधों की एक नई सूची तैयार की है, जिसमें 41 देशों के नागरिकों के अमेरिका आने पर रोक लगाने का प्रस्ताव शामिल है। इस सूची में पाकिस्तान, अफगानिस्तान, भूटान, बेलारूस, वेनेजुएला और उत्तर कोरिया जैसे देश शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन इस प्रतिबंध को तीन अलग-अलग श्रेणियों में लागू करने की योजना बना रहा है। पहली श्रेणी में अफगानिस्तान, ईरान, उत्तर कोरिया और वेनेजुएला जैसे देशों पर पूर्ण वीज़ा प्रतिबंध लगाया जा सकता है। दूसरी श्रेणी में इरिट्रिया, हैती और म्यांमार जैसे देशों के नागरिकों पर पर्यटक, छात्र और अन्य वीजा के लिए आंशिक प्रतिबंध लगाया जाएगा।
तीसरी श्रेणी में पाकिस्तान, अंगोला और बेलारूस जैसे देशों को कुछ सुरक्षा उपायों को लागू करने के लिए 60 दिन का समय दिया जाएगा। यदि वे इस अवधि में आवश्यक कदम नहीं उठाते हैं, तो इन देशों पर आंशिक वीजा प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
गैर-कानूनी प्रवास रोकने की दिशा में कदम
ट्रंप प्रशासन का दावा है कि यह प्रतिबंध गैर-कानूनी प्रवास को रोकने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगाए जा रहे हैं। यह योजना ट्रंप की 2017 की मुस्लिम-बहुल देशों पर यात्रा प्रतिबंध नीति का विस्तार है, जिसमें ईरान, लीबिया, सीरिया, यमन और सोमालिया को निशाना बनाया गया था।
व्यापार और पर्यटन पर पड़ सकता है असर
इस प्रस्तावित प्रतिबंध से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नागरिकों को अमेरिका में शिक्षा, व्यापार और पर्यटन के अवसरों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। पहले से ही पाकिस्तान को सख्त वीजा प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ता है, और इस प्रतिबंध से स्थिति और खराब हो सकती है।
यह प्रस्ताव अभी भी ट्रंप प्रशासन की समीक्षा प्रक्रिया में है और इसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मंजूरी आवश्यक होगी। यदि यह नीति लागू होती है, तो अमेरिका और कई देशों के बीच राजनयिक तनाव बढ़ सकता है।