काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान का हमला! तालिबान का दावा- 400 मौतें, 250 घायल; पाक ने किया इनकार

काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान का हमला!

नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब चरम पर पहुंच गया है। तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना ने सोमवार रात काबुल में एक बड़े नशा मुक्ति अस्पताल (ओमिद या उम्मीद ड्रग रिहैबिलिटेशन सेंटर) पर एयरस्ट्राइक की, जिसमें कम से कम 400 लोग मारे गए और 250 से ज्यादा घायल हुए।

तालिबान के उपप्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने बताया कि हमला स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे हुआ, जिसमें 2000 बेड वाले इस अस्पताल के बड़े हिस्से तबाह हो गए। अधिकांश मृतक और घायल मरीज थे, और आग लगने से बचाव कार्य मुश्किल हो रहा है। तालिबान ने इसे मानवता के खिलाफ अपराध और एयरस्पेस का उल्लंघन बताया है।

पाक ने आरोपों से इनकार किया

पाकिस्तान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पाकिस्तानी सूचना मंत्रालय और अधिकारियों ने कहा कि हमले में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया, बल्कि काबुल और नंगरहार प्रांत में सैन्य ठिकानों और आतंकी समर्थन ढांचे पर सटीक हमले किए गए। पाकिस्तान का दावा है कि ये कार्रवाई टीटीपी (पाकिस्तानी तालिबान) जैसे आतंकी समूहों के खिलाफ है, जो अफगानिस्तान से ऑपरेट हो रहे हैं।

दोनों देशों के बीच पुराना तनाव

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर आरोप लगाया है कि वह टीटीपी को शरण दे रहा है।यह घटना फरवरी के अंत से जारी सीमा विवाद और झड़पों का हिस्सा है। पाकिस्तान ने पहले कंधार और अन्य इलाकों में हमले किए थे, जिसके जवाब में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर ड्रोन हमले किए। दोनों देशों के बीच पुराना तनाव है – पाकिस्तान TTP को खतरा मानता है, जबकि तालिबान इनकार करता है।

रमजान के दौरान हुए इस हमले से अफगानिस्तान में गुस्सा बढ़ गया है, और तालिबान ने जवाबी कार्रवाई की बात कही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता है, क्योंकि नागरिकों और अस्पताल पर हमला युद्ध अपराध माना जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *