पाकिस्तान ने LOC पर किया सीजफायर का उल्लंघन, भारतीय सेना हाई अलर्ट पर

पाकिस्तान ने LOC पर किया सीजफायर का उल्लंघन

नई दिल्ली। पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार देर रात जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारतीय चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना ने उकसावे का ‘मुंहतोड़’ जवाब दिया।

सूत्रों ने बताया कि कृष्णाघाटी में एक अग्रिम भारतीय चौकी पर सीमा पार से गोलीबारी की सूचना मिली, जिसके बाद नियंत्रण रेखा की रक्षा कर रहे सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि थोड़ी देर तक चली गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा हालिया संघर्ष विराम उल्लंघन घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों को कवर फायर देने का एक प्रयास हो सकता है। हमले के बाद नियंत्रण रेखा पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी आतंकवादियों की किसी भी संभावित घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। इलाके की तलाशी चल रही है। पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा अकारण गोलीबारी कश्मीर में चल रही अमरनाथ यात्रा के बीच हुई है, जिसमें 4,500 से अधिक तीर्थयात्रियों का पहला जत्था पवित्र तीर्थ स्थल की यात्रा के लिए घाटी में पहुंच रहा है।

19 अगस्त को अमरनाथ यात्रा होगा खत्म

जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक आरआर स्वैन ने कहा है कि वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा उपाय किए गए हैं। 52 दिवसीय तीर्थयात्रा दो मार्गों से शुरू हुई- अनंतनाग में पारंपरिक 48 किमी लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल में 14 किमी छोटा लेकिन खड़ी बालटाल मार्ग। यात्रा 29 जून को शुरू हुई और यह 19 अगस्त को समाप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *