‘2024 के लोकसभा चुनाव में हुई पीएम मोदी की नैतिक हार’, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया बड़ा बयान

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया बड़ा बयान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 का परिणाम लगभग सामने आ चुका है और इस बार भी एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। वहीं इंडिया गठबंधन को काफी फायदा हुआ है। इससे गदगद होकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक स्पष्ट संदेश था। इस बार उनकी नैतिक हार हुई है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “यह चुनाव परिणाम ‘जनता का परिणाम’ है। इससे स्पष्ट हैं कि यह जनादेश मोदी जी के खिलाफ है। यह उनकी नैतिक और राजनीतिक हार है।” इंडिया ब्लॉक की सरकार बनने की संभावनाओं के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने गठबंधन सहयोगियों के साथ परामर्श के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हम कल अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठक करेंगे। ये सवाल वहां उठाए जाएंगे और जवाब दिए जाएंगे। हम अपने गठबंधन सहयोगियों से पूछे बिना कोई बयान नहीं देंगे।”

हम जनता का जनादेश स्वीकार करते हैं: खड़गे

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी का रुख व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का सहारा लिया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘हम विनम्रतापूर्वक 18वीं लोकसभा चुनाव के जनादेश को स्वीकार करते हैं। यह लोगों की जीत है। यह लोकतंत्र की जीत है।” खड़गे ने कांग्रेस पार्टी की प्रचार रणनीति के बारे में विस्तार से बताया और महंगाई, बेरोजगारी और किसानों और मजदूरों की दुर्दशा जैसे मुद्दों पर जोर दिया।

कांग्रेस का अभियान शुरू से सकारात्मक रहा: खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “कांग्रेस पार्टी का अभियान शुरू से अंत तक सकारात्मक था। हमने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों की दुर्दशा और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग जैसे मुद्दों को केंद्रीय मुद्दा बनाया।” खड़गे ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान किए गए जमीनी स्तर के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की दोनों यात्राओं- भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान लाखों लोगों से मिलना, उनकी समस्याओं को सुनना और बाद में उन समस्याओं का समाधान ढूंढना कांग्रेस के अभियान का आधार बन गया।

बीजेपी को इस बार भारी नुकसान

बता दें, एनडीए को 292 सीटें जबकि इंडिया गठबंधन को 233 सीटें मिलती दिख रही है। एनडीए में बीजेपी को करीब 240 सीटें ही मिल रही है, जबकि 2019 के चुनाव में बीजेपी को 303 सीटें मिली थी। इस तरह इस बार बीजेपी को भारी नुकसान हुआ है। बीजेपी को यूपी और राजस्थान में भारी नुकसान हुआ है। वहीं सूत्रों के मुताबिक इंडिया गठबंधन के दल नीतीश कुमार और टीडीपी नेता चंद्रबाबू नायडू से संपर्क में हैं ताकि उनका समर्थन हासिल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *