Lok Sabha Elections 2024 Result: शुरुआती रुझान में NDA को बहुमत, INDIA 223 सीटों पर आगे; जानें हॉट सीटों का हाल

शुरुआती रुझान में NDA को बहुमत, इंडिया गठबंधन 223 सीटों पर आगे

नई दिल्ली। केंद्र में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। लोकसभा चुनाव के मतों की गिनती हो रही है और शुरुआती रुझान में एनडीए काफी आगे चल रही है। खबर लिखे जाने तक एनडीए 289 और इंडिया गठबंधन 223 सीटों पर आगे चल रही है। इसमें बीजेपी 242 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं इंडिया गठबंधन की तरफ से कांग्रेस 100 सीटों पर आगे चल रही है। इस तरह बहुमत को एनडीए ने पार कर लिया है। हालांकि आखिरी परिणाम का इंतजार करना पड़ेगा।

उत्तर प्रदेश में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। यहां के 80 लोकसभा सीटों में से 39 सीटों पर इंडिया गठबंधन आगे चल रहा है। बीजेपी को यहां तगड़ा झटका लगा है। अमेठी सीट से किशोरी लाल शर्मा आगे चल रहे हैं। सुल्तानपुर सीट से मेनका गांधी पीछे चल रही है। की 80 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान हुआ था। इस बार जहां समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था। वहीं बीजेपी ने छोटे-छोटे दलों के साथ गठबंधन किया था।

दिनेश लाल यादव निरहुआ पीछे

शुरुआती रुझानों में आजमगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव आगे हैं। शुरुआती रुझानों में वाराणसी से पीएम मोदी आगे चल रहे हैं। हालांकि एक समय कांग्रेस के अजय राय आगे चल रहे थे। रायबरेली से राहुल गांधी, कन्नौज से अखिलेश यादव और गोरखपुर से भोजपुरी स्टार रवि किशन आगे चल रहे हैं।

काराकाट से पवन सिंह आगे

बिहार के काराकाट लोक सभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार पवन सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाकपा मांले के राजा राम सिंह से 815 मतों से आगे चल रहे हैं। औरंगाबाद में पहले राउंड की गिनती में राजद के अभय कुशवाहा करीब 6,000 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं, समस्तीपुर लोकसभा से लोजपा (आर) की प्रत्याशी शांभवी चौधरी 19,358 मत से आगे हैं। फुलवारी शरीफ विधानसभा से रामकृपाल यादव 1291 मतों से आगे हैं। रामकृपाल को 4819 मीसा को 3528 मत मिले हैं।

मंडी सीट पर कंगना-विक्रमादित्य में टक्कर

हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट हॉट सीट बनी हुई है। यहां भाजपा से कंगना रनौत और कांग्रेस से विक्रमादित्‍य सिंह के बीच मुकाबला है। शुरुआती रुझान में कभी विक्रमादित्य तो कभी कंगना आगे हो रही हैं। ऐसे में यहां कड़ा मुकाबला है। हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट पर भाजपा के राजीव भारद्वाज आगे चल रहे हैं। हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार अनुराग ठाकुर 25 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *