नई दिल्ली। भारतीय टेनिस के दिग्गज और ओलंपिक पदक विजेता लिएंडर पेस ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ले ली। उन्होंने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी का दामन थामा। यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुई है, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
पेस ने कहा, “मेरी मां बंगाली हैं और मेरा जन्म बंगाल में हुआ है। उनके समय में खेलों के लिए बुनियादी ढांचा नहीं था। आज भी बंगाल और तमिलनाडु में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर हो सकता है। बच्चों को सशक्त और प्रेरित करने की जरूरत है।” उन्होंने टेनिस के उदाहरण देते हुए कहा कि पुरुष और महिला खिलाड़ियों को बराबर इनाम राशि मिलनी चाहिए, जैसा कि आर्यना सबालेंका और कार्लोस अलकराज के मामले में होता है।
भाजपा में शामिल होना एक ऐतिहासिक दिन: रिजिजू
भाजपा नेता किरण रिजिजू ने इस मौके पर कहा, “लिएंडर पेस का भाजपा में शामिल होना एक ऐतिहासिक दिन है। जब वे कॉलेज में थे, तब ओलंपिक में भारत का नाम मेडल लिस्ट में नहीं आता था, लेकिन लिएंडर पेस ने पहली बार देश का नाम ओलंपिक में दर्ज कराया। अब वे भाजपा के प्लेटफॉर्म से देश की सेवा करेंगे।
”बता दें कि पेस इससे पहले 2021 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए थे और 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव में TMC के लिए प्रचार भी किया था। अब भाजपा में आने से उनकी राजनीतिक पारी में नया मोड़ आ गया है।
चुनाव लड़ेंगे या नहीं, स्पष्ट नहीं
पेस भारतीय टेनिस के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने डेविस कप में कई यादगार जीत दिलाई और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया। उनके भाजपा में शामिल होने को बंगाल चुनाव में पार्टी के लिए बड़ा समर्थन माना जा रहा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं।
