नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने की सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर ईरान होर्मुज नहीं खोलता तो अमेरिका ईरान के तेल के कुएं उड़ा देगा, खार्ग आइलैंड को नष्ट कर देगा, बिजली संयंत्रों और प्रमुख सैन्य ठिकानों को तबाह कर देगा।
उन्होंने आगे कहा कि ईरान के डिसेलिनेशन प्लांट (खारे पानी को पीने लायक बनाने वाले संयंत्र) को भी निशाना बनाया जाएगा, जिन्हें अभी तक जानबूझकर टारगेट नहीं किया गया है। ट्रंप ने ईरान के हमलों में मारे गए अमेरिकी सैनिकों का बदला लेने की भी बात कही।
अमेरिका ईरान की नई सरकार के साथ बातचीत कर रहा
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान की नई सरकार के साथ बातचीत कर रहा है, लेकिन अगर जल्द सहमति नहीं बनी तो ये कदम उठाए जाएंगे। इससे पहले ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले 10 दिनों के लिए टाल दिए थे। वहीं, ईरान ने अमेरिका के साथ सीधी बातचीत से इनकार कर दिया है।
ईरान का कहना है कि अमेरिका की शर्तें अतार्किक हैं और वह इजरायल पर कुवैत के डीसैलिनेशन प्लांट पर हमले का आरोप लगा रहा है। स्पेन ने भी अमेरिका के खिलाफ ईरान युद्ध में अपना एयरस्पेस और सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया है।
मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया
यह घटनाक्रम अमेरिका-ईरान युद्ध को और तीव्र कर सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल परिवहन का प्रमुख रास्ता है। अगर यह बंद रहा तो वैश्विक तेल की कीमतें और बढ़ सकती हैं। ट्रंप की धमकी से मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अब देखना होगा कि ईरान इस चेतावनी पर क्या रुख अपनाता है।
