LSG की दिल्ली से हार के बाद गोयनका-पंत-लैंगर के बीच तीखी बातचीत, वीडियो वायरल

गोयनका-पंत-लैंगर के बीच तीखी बातचीत

नई दिल्ली। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को आईपीएल 2026 के अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार, 1 अप्रैल को खेले गए इस मुकाबले के बाद LSG कैंप में हलचल मच गई। मालिक संजीव गोयनका, कप्तान ऋषभ पंत और मुख्य कोच जस्टिन लैंगर मैदान पर तीखी और गहन बातचीत करते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए DC को 142 रनों का लक्ष्य दिया, लेकिन DC ने 17.1 ओवर में ही इसे हासिल कर लिया। DC की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में मात्र 26 रनों पर 4 विकेट गिर गए थे। मोहम्मद शमी ने LSG के लिए डेब्यू मैच में केएल राहुल को पहली गेंद पर गोल्डन डक पर आउट किया। हालांकि, समीर रिजवी (70*) और ट्रिस्टन स्टब्स (39*) की 119 रनों की नाबाद साझेदारी ने मैच का रुख पलट दिया।

हार के बाद गोयनका काफी निराश दिखे

ऋषभ पंत खुद ओपनिंग करने उतरे, लेकिन रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। हार के बाद गोयनका काफी निराश दिखे। वीडियो में वे पंत और लैंगर से कुछ कहते नजर आ रहे हैं, जबकि पंत भी अपनी बात रखते दिख रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इसे पिछले सीजन की घटनाओं से जोड़ रहे हैं, जहां गोयनका ने टीम प्रदर्शन पर नाराजगी जताई थी। कुछ यूजर्स इसे “डेस्परेट टू विन” बता रहे हैं, क्योंकि गोयनका आईपीएल ट्रॉफी जीतने के लिए बेताब हैं।

हार LSG के लिए चिंता का विषय

यह हार LSG के लिए चिंता का विषय बन गई है। गेंदबाजों ने शुरुआती सफलता के बावजूद मध्य ओवरों में पकड़ नहीं बनाई रख पाई। अब LSG की नजरें अगले मैच (5 अप्रैल, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ) पर होगी, जबकि DC 4 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से भिड़ेगा। फैंस और विशेषज्ञों में अटकलें तेज हैं कि क्या यह चर्चा रणनीति पर थी या हार पर नाराजगी जताने के लिए। अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन वीडियो ने पूरे क्रिकेट जगत में चर्चा छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *