AAP-कांग्रेस ने किया लोकसभा के 45 सीटों पर गठबंधन का ऐलान, पंजाब में अकेले लड़ेगी दोनों पार्टियां; इन चार राज्यों में ये रहेगा फॉर्मूला

AAP

कांग्रेस और AAP ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शनिवार को सीट बंटवारे की घोषणा की। कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा, “दिल्ली लोकसभा में 7 सीटें हैं। AAP 4 पर चुनाव लड़ेगी – नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली। कांग्रेस 3- चांदनी चौक, उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम पर चुनाव लड़ेगी।” इसके अलावा पंजाब में दोनों पार्टियों ने कोई गठबंधन नहीं किया है। यहां पर दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ेगी।

मुकुल वासनिक ने कहा, “गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 24 पर चुनाव लड़ेगी। 2 सीटों भरूच और भावनगर पर AAP के उम्मीदवार होंगे। गोवा में यह तय हुआ कि कांग्रेस दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा में 10 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 9 सीट पर चुनाव लड़ेगी, 1 सीट-कुरुक्षेत्र पर AAP के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने कहा, “चंडीगढ़ पर लंबी चर्चा के बाद अंत में यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस का उम्मीदवार वहां से चुनाव लड़ेगा।”

45 सीटों पर आप-कांग्रेस के बीच समझौता

बता दें कि दोनों दलों के के बीच सीट बंटवारे का संभावित फॉर्मूला सामने आया है। यह चार राज्य दिल्ली, हरियाणा, गोवा और गुजरात हैं। कुल मिलाकर इन चार राज्यों में 45 लोकसभा सीटें हैं। सांसद संदीप पाठक ने कहा, “हर राज्य की अपनी राजनीतिक परिस्थिति है और परिस्थितियों को देखकर चुनाव जीतने के उद्देश्य से ये बनाया गया है। INDIA गठबंधन का जन्म देश को जिताने के लिए हुआ है। देश की जनता को जिताने के लिए हुआ है किसी को हराने के लिए नहीं हुआ है।”

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज की प्रतिक्रिया

दिल्ली के मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “हमारी कई राज्यों में कांग्रेस के साथ गठबंधन की आज घोषणा हुई है। दिल्ली में AAP 4 सीटों पर लड़ेगी और कांग्रेस 3 सीटों पर लड़ेगी। हरियाणा में AAP एक सीट पर लड़ेगी, बाकि सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। गुजरात में AAP 2 सीटों पर लड़ेगी और बाकि सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। चंडीगढ़ और गोवा की सभी सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। पंजाब में कांग्रेस और AAP स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगी।”

आतिशी और मुकुल वासनिक ने कही ये बातें

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, “AAP शुरु से ही INDIA गठबंधन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहा है। हम INDIA गठबंधन की सफलता के लिए काम करते आए हैं। कांग्रेस से बातचीत में और सीट बंटवारे में समय लगा, लेकिन AAP शुरू से ही यह स्पष्ट करती आई है कि हम INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं और हम साथ में चुनाव लड़ेंगे।” वहीं AAP और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा, “AAP और कांग्रेस उन सभी जगहों पर एक साथ चुनाव अभियान में शामिल होंगे, जहां दोनों पार्टियों के उम्मीदवार और INDIA गठबंधन के अन्य दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *