नई दिल्ली। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी भारतीय मूल की पत्नी उषा चिलुकुरी वेंस और तीन बच्चों, ईवान, विवेक और मिराबेल के साथ 21 से 24 अप्रैल तक चार दिवसीय भारत यात्रा पर होंगे। यह यात्रा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित है। वेंस का स्वागत दिल्ली के पालम एयरबेस पर एक वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री करेंगे।
21 अप्रैल को सुबह 10 बजे दिल्ली पहुंचने के बाद वेंस परिवार स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा करेगा और पारंपरिक हस्तशिल्प बेचने वाले बाजार में भी जा सकता है। शाम 6:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 लोक कल्याण मार्ग पर वेंस और उनके परिवार की मेजबानी करेंगे।
इस दौरान द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने और दोनों देशों के संबंधों को बढ़ाने पर चर्चा होगी। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा शामिल होंगे।
वेंस परिवार आईटीसी मौर्या शेरेटन होटल में ठहरेगा
वेंस के साथ पेंटागन और विदेश विभाग के पांच वरिष्ठ अधिकारी भी हैं। दिल्ली में वेंस परिवार आईटीसी मौर्या शेरेटन होटल में ठहरेगा। सोमवार रात वे जयपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे रामबाग पैलेस में रुकेंगे। 22 अप्रैल को वे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल आमेर किला देखेंगे और राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में वेंस भारत-अमेरिका संबंधों पर भाषण देंगे।
वेंस परिवार ताजमहल और शिल्पग्राम का दौरा करेगा
23 अप्रैल को वेंस परिवार आगरा में ताजमहल और शिल्पग्राम का दौरा करेगा, जो भारतीय हस्तशिल्प का प्रदर्शन करता है। उसी दिन वे जयपुर लौटेंगे और 24 अप्रैल को अमेरिका के लिए रवाना होंगे। यात्रा का समय महत्वपूर्ण है, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में भारत सहित कई देशों पर 26% पारस्परिक शुल्क लगाया था, जिसे 90 दिनों के लिए स्थगित किया गया है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार और भू-राजनीतिक सहयोग को गहरा करने का अवसर प्रदान करेगी।
