लद्दाख में पांच नए जिले गठित, उप-राज्यपाल सक्सेना ने नोटिफिकेशन को दी मंजूरी

लद्दाख में पांच नए जिले गठित

नई दिल्ली। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी। जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करने और प्रशासन के विकेंद्रीकरण के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। नुब्रा, शाम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास नए जिले हैं और इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

उपराज्यपाल सक्सेना ने X पर एक पोस्ट में कहा, “लद्दाख के लिए एक ऐतिहासिक दिन। मैंने लद्दाख में पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी है, जिससे लद्दाख के लोगों की आकांक्षाएं और लंबे समय से लंबित मांग पूरी हो गई है। नुब्रा, शाम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास- इन पांच नए जिलों के गठन के साथ, लद्दाख में अब दो के बजाए सात जिले हो जाएंगे। यह विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के विजन के अनुरूप है।”

यह निर्णय जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करेगा: वीके सक्सेना

उन्होंने आगे कहा, “गृह मंत्रालय द्वारा अगस्त 2024 में गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पहले ही अनुमोदित यह परिवर्तनकारी निर्णय जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करेगा, प्रशासन का विकेंद्रीकरण करेगा और लद्दाख के लोगों, विशेष रूप से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वालों को सार्वजनिक सेवाओं की त्वरित डिलीवरी सुनिश्चित करेगा।”

31 अक्टूबर 2019 को लद्दाख बना केंद्र शासित प्रदेश

सक्सेना ने कहा कि नए जिलों के गठन से न केवल शासन नागरिकों के करीब आएगा, बल्कि विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा, “मैं इस ऐतिहासिक निर्णय से लद्दाख के प्रत्येक नागरिक को लाभान्वित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता हूं, क्योंकि हम सब मिलकर एक उज्जवल, मजबूत और अधिक समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं।” लद्दाख 31 अक्टूबर, 2019 को केंद्र शासित प्रदेश बना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *