‘मुंबई इंडियंस की मैं सिर्फ मालकिन नहीं बल्कि एक…’, IPL 2024 का सीजन निराशाजनक रहने पर बोलीं नीता अंबानी

IPL 2024 का सीजन खराब रहने पर बोलीं नीता अंबानी

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 अभियान को आखिरी पायदान पर रहकर खत्म किया। टीम ने 10 मैचों में सिर्फ 4 जीत हासिल करते हुए महज 8 अंक अर्जित पाए। इस सीजNita न में हार्दिक पंड्या ने रोहित शर्मा से कप्तानी ली। यह एक ऐसा निर्णय था, जो पूरे अभियान के दौरान सुर्खियों में रहा। जैसे ही मुंबई इंडियंस की टीम इस सीजन में आखिरी बार एक साथ इकट्ठा हुई, तो मालकिन नीता अंबानी ने इस पूरे सीजन को निराशाजनक कहा। उन्होंने स्वीकार किया कि वापस जाकर समीक्षा करने की जरूरत है कि इस अभियान में क्या हुआ।

सोशल मीडिया पर मुंबई इंडियंस द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में नीता अंबानी ने न केवल एक मालकिन के रूप में बल्कि एक प्रशंसक के रूप में भी टीम के लिए मौजूदा सीजन के समापन के तरीके के बारे में बात की।

हम सभी के लिए निराशाजनक सीजन: नीता अंबानी

उन्होंने कहा, “हम सभी के लिए यह निराशाजनक सीजन रहा। चीजें वैसी नहीं हुईं जैसी हम चाहते थे, लेकिन मैं अभी भी मुंबई इंडियंस का बहुत बड़ी प्रशंसक हूं। सिर्फ एक मालकिन नहीं हूं। मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनना एक बड़ा सम्मान है। मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ना मेरे लिए एक सम्मान और विशेषाधिकार है। मुझे लगता है, हम वापस जाएंगे, समीक्षा करेंगे और इसके बारे में सोचेंगे।”

5 जून को आयरलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत

नीता अंबानी ने रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह की भारतीय चौकड़ी के लिए भी एक संदेश दिया, जो अब भारतीय टीम के हिस्से के रूप में टी20 विश्व कप 2024 की तैयारी शुरू करेंगे। उन्होंने कहा, “रोहित, हार्दिक, सूर्या (सूर्यकुमार यादव) और (जसप्रीत) बुमराह के लिए, मुझे लगता है कि सभी भारतीय आपको चीयर कर रहे हैं। हम आपको शुभकामनाएं देते हैं।” बता दें, भारतीय टीम के लिए टी20 विश्व कप 2024 अभियान की शुरुआत 05 जून को आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच से होगी। भारत 01 जून को अभ्यास मुकाबले में बांग्लादेश से भी भिड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *