तीरंदाजी में भारत ने लहराया परचम, ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर जीता स्वर्ण पदक

तीरंदाजी में भारत ने लहराया परचम

नई दिल्ली। भारत ने तीरंदाजी में अपना परचम लहराते हुए ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को शिकस्त दी। धीरज बोम्मदेवरा, तरूणदीप राय और प्रवीण जाधव की पुरुष रिकर्व टीम ने रविवार को यहां चल रहे विश्व कप चरण 1 में दक्षिण कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता के शीर्ष दो वरीय खिलाड़ियों के बीच लड़ाई में, भारतीयों ने एक भी सेट गंवाए बिना शक्तिशाली कोरियाई खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन किया।

भारत ने 5-1 (57-57, 57-55, 55-53) से जीत हासिल की। इसके साथ ही उसके स्वर्ण पदकों की संख्या पांच हो गई। भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने शनिवार को टीम स्पर्धाओं में पुरुष, महिला और मिश्रित टीम में स्वर्ण पदक जीते थे। मौजूदा एशियाई खेलों की चैंपियन ज्योति सुरेखा वेन्नम ने शनिवार को महिलाओं के कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में चौथा स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्रियांश ने पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड वर्ग में पहली बार विश्व कप में रजत पदक जीता। भारत के पास प्रतियोगिता में अब तक पांच स्वर्ण और एक रजत है।

दीपिका कुमारी की भी नजर स्वर्ण पर

पूर्व विश्व नंबर 1 दीपिका कुमारी की भी नजरें स्वर्ण पदक पर हैं और वह दोपहर के सत्र में अपने कोरियाई प्रतिद्वंद्वी से महिला रिकर्व व्यक्तिगत सेमीफाइनल खेलेंगी। भारत रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक के लिए लड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *