नई दिल्ली। पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से गिरकर मौत के मामले में पुलिस ने आज बड़ा कदम उठाया। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस आरोपी सिया गोयल को घटनास्थल लोहागढ़ किले पर ले गई, जहां सीन रीक्रिएशन कराया गया। पुलिस इस दौरान यह समझने की कोशिश कर रही है कि 18 जून को वारदात कैसे हुई, आरोपी सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के बयान घटनास्थल से कितने मेल खाते हैं और धक्का देने की घटना संभव थी या नहीं।
पुलिस ने सिया को उस जगह ले जाकर दिखवाया जहां से कथित तौर पर उसने चेतन के साथ मिलकर केतन को खाई में धक्का दिया था। जांच का मकसद आरोपी के बयानों को सबूतों और स्थल की परिस्थितियों से मिलाना है। केस में पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।
केतन से हो चुकी थी सिया की सगाई
मामला इस प्रकार है कि सिया गोयल की केतन अग्रवाल से सगाई हो चुकी थी, लेकिन वह शादी नहीं करना चाहती थी। उसके 22 वर्षीय चेतन चौधरी से अफेयर चल रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर प्लान बनाया और केतन को घूमने के बहाने किले पर बुलाकर उसे खाई में धक्का दे दिया। शुरुआत में इसे हादसा बताया गया था, लेकिन जांच में साजिश सामने आई। अब फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होने वाली है।
