भारत में शव्वाल महीने का दिखा चांद, गुरुवार को धूमधाम से मनेगा ईद-उल-फितर का त्योहार

Eid ul fitr

नई दिल्ली। भारत में आज शव्वाल महीने का चांद नजर आ गया है। बुधवार शाम करीब सवा सात बजे ईद के चांद का दीदार हुआ है। इस कारण गुरुवार यानी 11 अप्रैल को धूमधाम के साथ देशभर में ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा। जामा मस्जिद की चांद कमेटी ने चांद नजर आने का ऐलान किया।

जामा मस्जिद में गुरुवार सुबह 6:30 बजे और फतेहपुरी मस्जिद में सुबह 7:30 बजे ईद की नमाज होगी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद का चांद दिखने के बाद सभी देशवासियों को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी है।

ईद खुशियों और भाईचारे का त्योहार

ईद खुशियों और भाईचारे का त्योहार है। इस दिन मुस्लिम लोग सुबह ईद की नमाज पढ़ते हैं। इसके बाद एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी जाती है। इसके साथ ही एक दूसरों के घर जाकर मुंह मीठा भी किया जाता है। मीठे में ईद के दिन के लिए खास सेवइयां, खीर और तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए जाते हैं।

पीएम मोदी ने मालदीव को ईद की शुभकामनाएं दी

पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ईद-अल-फितर के अवसर पर मालदीव के राष्ट्रपति डॉ मोहम्मद मुइज्जू और मालदीव के लोगों को शुभकामनाएं दीं। बधाई संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों का भी जिक्र किया। मालदीव में भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू, सरकार और मालदीव गणराज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।” इसके साथ ही भारतीय उच्चायोग ने प्रधानमंत्री मोदी का बधाई संदेश शेयर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *