नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना कल सुबह से शुरू होगी। असम में विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। सभी 126 सीटों के लिए मतगणना 35 जिलों में फैले 40 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। कल 59 महिलाओं सहित 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। असम में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें 85.96 प्रतिशत मतदान हुआ था।
पश्चिम बंगाल में चुनाव अधिकारियों ने बताया कि राज्य भर के 77 मतगणना केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ सभी आवश्यक इंतजाम कर दिए गए हैं।
तमिलनाडु में मतगणना के लिए कुल 10,545 मतगणना कर्मियों को तैनात किया जाएगा, जिन्हें 4,624 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों का सहयोग मिलेगा। रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक सहित कुल 234 मतगणना पर्यवेक्षक पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और आयोग के मौजूदा निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे।
सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक तंत्र स्थापित किए गए
पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं और सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक तंत्र स्थापित किए गए हैं। पुडुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. जवाहर ने बताया कि पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की देखरेख में पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाएगी। केरल में भी विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
