महाराष्ट्र में भाषण के दौरान बेहोश हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बाद में ट्वीट कर दी ये जानकारी

महाराष्ट्र में भाषण के दौरान बेहोश हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार दोपहर महाराष्ट्र के यवतमाल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते समय बेहोश हो गए। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता को तुरंत उपचार दिया गया और वह थोड़े समय बाद मंच पर वापस आए और अपना भाषण जारी रखा। अपना भाषण खत्म करने के तुरंत बाद गडकरी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इसको लेकर पोस्ट किया।

उन्होंने लिखा, “महाराष्ट्र के पुसाद में रैली में गर्मी के कारण मुझे असुविधा महसूस हुई। लेकिन अब मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं और अगली बैठक में शामिल होने के लिए वरुड जा रहा हूं। आपके प्यार और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।”

नितिन गडकरी को बचाने के लिए दौड़ रहे लोग

नितिन गडकरी के बेहोश होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नितिन गडकरी के एक्स अकाउंट से भी इसे लाइव स्ट्रीम किया गया था। इसमें नितिन गडकरी को मंच पर मौजूद लोगों द्वारा ले जाते हुए दिखाया गया था। इसमें से कई लोगों को भाजपा नेता को बचाने के लिए दौड़ते हुए देखा गया था। बता दें, दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होना है। इनमें अमरावती, हिंगोली, नांदेड़ और यवतमाल-वाशिम सीट शामिल है।

यवतमाल सीट पर एकनाथ शिंदे गुट के उम्मीदवार

बता दें, गडकरी लोकसभा चुनाव का पहला चरण नागपुर से उम्मीदवार के रूप में लड़ा। इस सीट पर उन्होंने 2014 और 2019 में जीत हासिल की थी। बुधवार को उन्होंने यवतमाल सीट से राजश्री पाटिल के लिए प्रचार कर रहे थे, जो मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट से हैं। बता दें, इस साल की शुरुआत में गडकरी के राजनीतिक भविष्य के बारे में अटकलें लगाई गई थीं। तब भाजपा ने उन्हें नागपुर लोकसभा उम्मीदवार के रूप में नामित करने में देरी की थी। उस देरी के कारण पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने निमंत्रण भी दिया था कि वह हमारे साथ जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *