ढाई साल बाद विवाद का अंत: ज्योति मौर्या और पति आलोक के रिश्ते सुलझे, नोएडा में साथ रह रहे

ज्योति मौर्या और पति आलोक ने विवाद सुलझाया

नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चर्चित PCS अधिकारी ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या के बीच चले हाई-प्रोफाइल विवाद का आखिरकार सुखद अंत हो गया है। दोनों पति-पत्नी फिर से साथ रहने लगे हैं और उनका वैवाहिक जीवन सामान्य हो रहा है।

ज्योति मौर्या और आलोक मौर्या की शादी 2010 में हुई थी। शुरुआती सालों में रिश्ता सामान्य था, लेकिन 2015 में ज्योति के PCS में चयन और SDM बनने के बाद स्थिति बदल गई। ज्योति तेजी से तरक्की करती रहीं, जबकि आलोक पंचायती राज विभाग में चौथे दर्जे के कर्मचारी बने रहे। आलोक ने आरोप लगाया कि उन्होंने ज्योति की पढ़ाई और तैयारी में काफी सहयोग किया, लेकिन सफलता मिलने के बाद उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।

आलोक ने पत्नी पर दूसरे अधिकारी से संबंध के लगाए थे आरोप

विवाद 2023 में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जब आलोक ने ज्योति पर भ्रष्टाचार, अवैध संपत्ति और दूसरे अधिकारी से संबंध का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत कई संवैधानिक पदाधिकारियों को पत्र लिखकर पुरुष आयोग बनाने की मांग की। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित हुई, लेकिन आलोक ने सबूत न देने के बाद आरोप वापस ले लिए, जिसके बाद जांच रिपोर्ट बंद कर दी गई।

लगभग ढाई साल तक चले इस विवाद ने दोनों परिवारों को मानसिक तनाव दिया। अंत में परिवार और करीबियों की मध्यस्थता से दोनों में बातचीत हुई और मतभेद सुलझ गए। वर्तमान में ज्योति मौर्या को प्रमोशन मिलने के बाद नोएडा में पोस्टिंग है। आलोक भी उनके साथ नोएडा में रह रहे हैं। आलोक UPPCS की तैयारी कर रहे हैं और इंटरव्यू स्टेज तक पहुंच चुके हैं। दोनों के इस फैसले से परिवारों में राहत की लहर है।

सोशल मीडिया पर इस खबर को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं

सोशल मीडिया पर इस खबर को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई लोग इसे सकारात्मक मोड़ मान रहे हैं, जबकि कुछ पुराने विवाद को याद कर रहे हैं। ज्योति मौर्या प्रकरण ने सफलता, वैवाहिक संबंध और वर्क-लाइफ बैलेंस पर व्यापक बहस छेड़ दी थी। अब दोनों की सामान्य जिंदगी की शुरुआत को सुखद अंत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *