मानसून की पहली बारिश में डूबी मुंबई: अंधेरी सबवे बंद, रेलवे ट्रैक जलमग्न

मानसून की पहली बारिश में डूबी मुंबई

नई दिल्ली। मुंबई में मानसून ने दस्तक दी है, लेकिन पहली ही तेज बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया। रातभर हुई भारी बारिश के कारण अंधेरी सबवे समेत कई अंडरपास लबालब हो गए, जिसे BMC ने सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, सायन के गांधी मार्केट और कई निचले इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ।

सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी ट्रैफिक और पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। दादर स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पानी से भर गए, जिससे लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और कुछ रद्द भी की गईं। मुंबई सेंट्रल और CSMT समेत अन्य स्टेशनों पर भी पानी भरने की खबर है। BMC की टीमें पानी निकासी का काम कर रही हैं।

पालघर और सिंधुदुर्ग के लिए ऑरेंज अलर्ट

IMD ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर रेड अलर्ट भी है। आज दिनभर मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मुंबई में पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में 300 mm से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

13 दिन की देरी से पहुंचा मानसून

मानसून इस बार 13 दिन देरी से (23 जून को) मुंबई पहुंचा। हर साल की तरह इस बार भी पहली बारिश में जलजमाव और ट्रैफिक की पुरानी समस्या सामने आ गई है। लोग सोशल मीडिया पर बारिश के वीडियो शेयर कर अपनी परेशानी बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *