नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) 2024 का अंतिम परिणाम 22 अप्रैल 2025 को घोषित कर दिया। इस परीक्षा में शक्ति दुबे ने पहली रैंक हासिल कर टॉप किया, जबकि हर्षिता गोयल ने दूसरी और डोंगरे अर्चित पराग ने तीसरी रैंक प्राप्त की। अभ्यर्थी अपने परिणाम यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर देख सकते हैं। कुल 1,009 उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और अन्य केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप ए और बी) के लिए अनुशंसित किया गया है।
यूपीएससी ने 1,132 रिक्तियों के लिए भर्ती निकाली थी, जिसमें आईएएस के 180, आईपीएस के 150 और आईएफएस के 55 पद शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों में 335 सामान्य वर्ग, 109 ईडब्ल्यूएस, 318 ओबीसी, 160 एससी और 87 एसटी वर्ग से हैं। इसके अलावा, 45 उम्मीदवार विभिन्न दिव्यांगता श्रेणियों से हैं। 230 उम्मीदवारों की एक आरक्षित सूची भी बनाई गई है।
सफल उम्मीदवारों के अंक 15 दिनों में उपलब्ध होंगे
परीक्षा प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की गई: प्रारंभिक परीक्षा 16 जून 2024 को, मुख्य परीक्षा 20 से 29 सितंबर 2024 तक और साक्षात्कार 7 जनवरी से 17 अप्रैल 2025 तक। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले लगभग 2,845 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। उम्मीदवारों के अंक परिणाम घोषणा के लगभग 15 दिन बाद वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।
241 उम्मीदवारों का परिणाम अस्थायी रखा गया
241 उम्मीदवारों का परिणाम अस्थायी रखा गया है, और उन्हें आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। यूपीएससी ने स्पष्ट किया कि चयनित उम्मीदवारों को सेवाओं और राज्य संवर्गों का आवंटन उनकी प्राथमिकताओं, रिक्तियों और नियमों के आधार पर किया जाएगा। परिणाम पीडीएफ में रोल नंबर और नाम के साथ उपलब्ध है। यह परीक्षा देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें लाखों अभ्यर्थी भाग लेते हैं। शक्ति दुबे की उपलब्धि ने कई उम्मीदवारों को प्रेरित किया है।