नई दिल्ली। भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी अब बेल्जियम के एंटवर्प शहर में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा है। वह पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चोकसी ने बेल्जियम में ‘एफ रेजिडेंसी कार्ड’ हासिल किया है और भारतीय अधिकारियों ने बेल्जियम सरकार से उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है।
यह खबर कैरिबियाई क्षेत्र पर केंद्रित मीडिया आउटलेट एसोसिएटेड टाइम्स ने प्रकाशित की है, हालांकि भारतीय अधिकारियों की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चोकसी की पत्नी प्रीति बेल्जियम की नागरिक हैं और रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चोकसी ने भारत से प्रत्यर्पण से बचने के लिए गलत और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बेल्जियम में रेजिडेंसी हासिल की।
चोकसी स्विटजरलैंड के कैंसर अस्पताल में कराएगा इलाज
चोकसी पहले एंटीगुआ और बारबुडा में रह रहा था, जहां से वह मई 2021 में लापता हो गया था और बाद में उसे डोमिनिका में पकड़ा गया था। उसने वहां अवैध प्रवेश के आरोपों का सामना किया, लेकिन चिकित्सा आधार पर जमानत मिलने के बाद वह एंटीगुआ लौट आया था। अब खबर है कि वह बेल्जियम में बस गया है और कथित तौर पर स्विट्जरलैंड में एक प्रसिद्ध कैंसर अस्पताल में इलाज के लिए जाने की योजना बना रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि वह मानवीय आधार पर प्रत्यर्पण से बचने की कोशिश कर सकता है।
13,500 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप
चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी पर पीएनबी से फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (एलओयू) के जरिए 13,500 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप है। नीरव मोदी इस समय लंदन की जेल में है और भारत प्रत्यर्पण के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहा है, जबकि चोकसी लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचता रहा है। भारत की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उसकी तलाश में हैं। चोकसी ने जनवरी 2018 में भारत छोड़ दिया था, जब पीएनबी घोटाला सामने आया था।
बेल्जियम से प्रत्यर्पण की तैयारी में सरकार
अगर वह बेल्जियम में स्थायी रेजिडेंसी हासिल कर लेता है, तो यूरोप में उसकी आवाजाही आसान हो सकती है, जिससे भारत के लिए उसे वापस लाना मुश्किल हो सकता है। भारतीय जांच एजेंसियां चोकसी को वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। पिछले साल दिसंबर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बताया था कि चोकसी जैसे भगोड़ों से संबंधित 22,280 करोड़ रुपये की संपत्ति वसूल की गई है। अब बेल्जियम से प्रत्यर्पण की यह नई कोशिश इस मामले में एक अहम कदम हो सकती है।